IIT-BHU में TRACTION 2026 का समापन, छात्रों ने सीखा विचारों को स्टार्टअप में बदलने का हुनर

आईआईटी बीएचयू में उभरते उद्यमियों को व्यावहारिक वेंचर निर्माण का अनुभव कराने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता कार्यक्रम ‘TRACTION 2026: आपका विचार। आपका उद्यम। आपकी यात्रा।’ का शुक्रवार को समापन हुआ। 2 से 4 अक्टूबर तक ई-हॉल, आइडिएशन इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन (I3F) में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों, शोधकर्ताओं, संकाय सदस्यों, नवोन्मेषकों और शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
 

तीन दिवसीय कार्यक्रम में ग्राहक सत्यापन, MVP, उत्पाद विकास, बिजनेस रणनीति और फंडिंग की तैयारी पर विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक टिप्स

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में उभरते उद्यमियों को व्यावहारिक वेंचर निर्माण का अनुभव कराने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता कार्यक्रम ‘TRACTION 2026: आपका विचार। आपका उद्यम। आपकी यात्रा।’ का शुक्रवार को समापन हुआ। 2 से 4 अक्टूबर तक ई-हॉल, आइडिएशन इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन (I3F) में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों, शोधकर्ताओं, संकाय सदस्यों, नवोन्मेषकों और शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी (बीएचयू) के नवोन्मेष, अभिपोषण एवं उद्यमिता केंद्र (CIIE) ने I-3 फाउंडेशन (I3F), जॉइंट इन्क्यूबेशन सेंटर (JIC) और ई-सेल के सहयोग से किया। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को महज बिजनेस आइडिया तैयार करने तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक बाजार में वेंचर निर्माण, ग्राहक सत्यापन, उत्पाद विकास और स्टार्टअप इकोसिस्टम की बारीकियों से परिचित कराना रहा।

आइडिया से बाजार तक की पूरी प्रक्रिया समझी
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने समस्या की पहचान और उसके सत्यापन, ग्राहक खोज, मिनिमम वायबल प्रोडक्ट (MVP), उत्पाद निर्माण, बिजनेस मॉडल, गो-टू-मार्केट रणनीति और फंडिंग की तैयारी जैसे विषयों पर संवादात्मक सत्र आयोजित किए। कार्यशालाओं, मेंटर क्लीनिक और व्यावहारिक अभ्यास के जरिए प्रतिभागियों ने अपने विचारों को परखने और उनमें आवश्यक सुधार करने का अनुभव प्राप्त किया।

आईआईटी-बीएचयू के पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव
TRACTION 2026 में आईआईटी (बीएचयू) के कई प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों और उद्योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। सीरियल एंटरप्रेन्योर राजीव गुप्ता, फर्स्टक्राई एवं एक्सप्रेसबीज के संस्थापक अमितावा साहा, डॉ. आनंद जायसवाल, धीरज डागा, सौरभ यादव, अकस्मत प्रधान, प्रखर यादव, प्रणव यादव, श्रीधर पार्थसारथी, रोहन पालीवाल, सुधांशु श्रीवास्तव और सौरभ सिंह समेत विशेषज्ञों ने उद्यमिता के अपने अनुभव साझा किए।
विशेषज्ञों ने तकनीक के व्यावसायीकरण, ग्राहक अधिग्रहण, निवेश, फंडिंग और कारोबार को विस्तार देने की चुनौतियों पर भी चर्चा की। प्रतिभागियों को ऐसे उद्यमियों और निवेश विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिला, जिन्होंने स्वयं स्टार्टअप निर्माण और विस्तार की प्रक्रिया का अनुभव किया है।

MVP को किया परिष्कृत, वेंचर यात्रा की समीक्षा
समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपनी प्रगति की समीक्षा की और तैयार किए गए MVP को और बेहतर बनाया। उन्होंने अपने वेंचर-बिल्डिंग अनुभव और आगे की रणनीति प्रस्तुत की। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को सैद्धांतिक जानकारी से आगे बढ़कर वास्तविक परिस्थितियों में अपने उत्पाद और बिजनेस आइडिया को परखने का अवसर दिया।

TRACTION 2026 के माध्यम से आईआईटी (बीएचयू) ने नवाचार और उद्यमिता के लिए मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम ने मेंटरशिप, उद्योग सहभागिता, पूर्व छात्रों के जुड़ाव और स्टार्टअप नेटवर्क के जरिए उभरते उद्यमियों को अपने विचारों को व्यवहारिक और विस्तार योग्य उद्यम में बदलने की दिशा में आगे बढ़ने का मंच प्रदान किया।