एमएलसी नामांकन स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा, पांच लोगों को ही कक्ष में प्रवेश, पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण, सीसीटीवी से होगी निगरानी
आउटर कार्डन के आगे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों से आ सकेंगे
आउटर कार्डन से अधिकतम 10 प्रस्तावक आगे जा सकेंगे, तीनों स्तरों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी से चेकिंग
आउटर कार्डन के आगे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों के साथ आ सकेंगे
पूरे परिसर की सीसीटीवी से निगरानी, संवेदनशील प्रवेश बिंदुओं पर प्रभावी बैरिकेडिंग
वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक (एमएलसी) निर्वाचन-2026 के नामांकन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कमिश्नरी परिसर स्थित नामांकन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रवेश, बैरिकेडिंग, यातायात और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित नामांकन प्रक्रिया के लिए अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
तीन स्तरों में बांटा गया सुरक्षा घेरा
नामांकन स्थल पर आउटर कार्डन, इनर कार्डन और आइसोलेशन कार्डन के रूप में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। तीनों स्तरों पर निर्धारित प्रवेश व्यवस्था लागू होगी। बिना जांच किसी भी व्यक्ति को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नामांकन कक्ष में पांच लोगों को प्रवेश
आइसोलेशन कार्डन के भीतर स्थित नामांकन कक्ष में प्रत्याशी समेत अधिकतम पांच लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। वहीं आउटर कार्डन से प्रत्याशी के साथ अधिकतम 10 प्रस्तावकों को प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित संख्या से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
तीनों स्तरों पर होगी सघन चेकिंग
सुरक्षा के तीनों स्तरों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी के जरिए चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील प्रवेश बिंदुओं पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने को कहा गया।
वाहनों की संख्या भी निर्धारित
नामांकन स्थल के आउटर कार्डन के आगे किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों के साथ ही नामांकन स्थल तक आ सकेंगे। अनावश्यक भीड़ और वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर
पूरे नामांकन स्थल को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया जाएगा। महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं और संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जाएगी। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग
पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को डूज एंड डोंट्स की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रवेश नियंत्रण, चेकिंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/अपराध विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/प्रोटोकॉल जंग बहादुर समेत संबंधित एसीपी और ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।