दुर्गा मंदिर में तीन दिवसीय संगीत समारोह : कलाकारों ने प्रस्तुतियों से की मां की वंदना, देवी के दिव्य स्वरूप के दर्शन पाकर निहाल हुए भक्त  

दुर्गाकुंड स्थित मां कूष्मांडा मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय संगीत एवं भक्ति समारोह का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। समारोह के अंतिम दिन मां कूष्मांडा का स्वर्णिम श्रृंगार किया गया। मां को स्वर्ण आभूषणों से सजाया गया तो गर्भगृह में उनके दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भव्य श्रृंगार और आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।
 

 

वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित मां कूष्मांडा मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय संगीत एवं भक्ति समारोह के अंतिम दिन गुरुवार को मां कूष्मांडा का स्वर्णिम श्रृंगार किया गया। मां को स्वर्ण आभूषणों से सजाया गया तो गर्भगृह में उनके दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भव्य श्रृंगार और आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

समारोह के तीसरे दिन मंदिर परिसर को कोलकाता से मंगाए गए रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। फूलों की मनोहारी सजावट के बीच स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित मां कूष्मांडा के स्वरूप की छटा देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं ने मां के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

भजनों से गूंजा मंदिर परिसर
संगीत समारोह में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के चरणों में स्वरांजलि अर्पित की। विदुषी वर्मा ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद नीति और प्रिया ने मां की स्तुति में भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। गायिका राधिका राजपूत ने मां के भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर मां की भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में लगातार जयकारे और भक्ति गीत गूंजते रहे।

आरती में उमड़े श्रद्धालु
समारोह के दौरान मां कूष्मांडा की भव्य आरती कौशल पति द्विवेदी ने विधिवत संपन्न कराई। आरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने एक साथ मां की आरती में सहभागिता की। दीपों की रोशनी, घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर का माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

तीन दिवसीय समारोह में संगीत, भक्ति और धार्मिक आयोजन का सुंदर संगम देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मां के प्रति श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन सोनू झा ने किया।