वाराणसी में हाईवे पर तीन वाहनों की टक्कर, मची चीखपुकार, केबिन में दो घंटे फंसा रहा चालक
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी चौकी के समीप नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के तीन भारी वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। भारत पेट्रोलियम पंप के पास हुए इस हादसे में ट्रेलर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाराणसी की ओर से प्रयागराज जा रहा एक ट्रक खजुरी स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर डीजल भरवाने के लिए मुड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ट्रक अनियंत्रित हो गया और पहले ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहा एक ट्रेलर भी दूसरे ट्रक से जा भिड़ा।
तीनों वाहनों के बीच हुई भिड़ंत इतनी तेज थी कि उनके अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ट्रेलर चालक रफीक (35) केबिन में फंस गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन लगाकर करीब दो घंटे बाद रफीक को केबिन से बाहर निकाला गया। वहीं दोनों ट्रकों के चालक भी हादसे में घायल हुए। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।