ऑनलाइन मनी गेमिंग के नाम पर आठ करोड़ की ठगी, वाराणसी में लूडो गैंग के तीन सरगना गिरफ्तार, टेलीग्राम ग्रुप के जरिए नौ राज्यों के लोगों को बनाया निशाना

ऑनलाइन गेमिंग में कमाई का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का वाराणसी साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन मनी गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से दूसरे राज्यों के लोगों को ऑनलाइन मनी लूडो गेम खेलने का झांसा देते थे। इसके बाद यूपीआई के जरिए उनके खातों में पैसे मंगाकर हड़प लेते थे। पुलिस की जांच में नौ राज्यों से मिली 19 शिकायतों के आधार पर करीब आठ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
 

जालसाज यूपीआई से खाते में मंगाते थे पैसे, 19 शिकायतों के बाद साइबर पुलिस ने की कार्रवाई

गिरोह के सात बैंक खातों की जांच में सामने आया धोखाधड़ी का मामला, पुलिस को अन्य राज्यों में भी नेटवर्क फैले होने की आशंका

वाराणसी। ऑनलाइन गेमिंग में कमाई का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का वाराणसी साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन मनी गेमिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से दूसरे राज्यों के लोगों को ऑनलाइन मनी लूडो गेम खेलने का झांसा देते थे। इसके बाद यूपीआई के जरिए उनके खातों में पैसे मंगाकर हड़प लेते थे। पुलिस की जांच में नौ राज्यों से मिली 19 शिकायतों के आधार पर करीब आठ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

एसीपी साइबर सेल अपूर्व पांडेय ने बताया कि वाराणसी साइबर सेल और थाना सारनाथ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन मनी गेमिंग का संचालन करने वाले गिरोह के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर दूसरे राज्यों के लोगों से संपर्क करते थे। इसके लिए टेलीग्राम ग्रुप का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों को गेम में पैसे लगाकर कमाई करने का लालच दिया जाता था। इसके बाद यूपीआई के माध्यम से रकम मंगाकर धोखाधड़ी की जाती थी।

नौ राज्यों से मिलीं 19 शिकायतें, सात बैंक खाते जांच के घेरे में
एसीपी के मुताबिक, इस गिरोह के खिलाफ देश के नौ राज्यों से कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की जांच के दौरान आरोपितों के सात बैंक खातों का पता चला। इन खातों के माध्यम से बड़े पैमाने पर लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब साइबर पुलिस इन सभी बैंक खातों की गहनता से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में करीब आठ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

अन्य राज्यों तक फैले नेटवर्क की तलाश
पुलिस के अनुसार, फिलहाल वाराणसी से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आशंका है कि इस नेटवर्क में दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध के तहत कार्रवाई
एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि वर्ष 2025 में केंद्र सरकार की ओर से ऑनलाइन मनी गेमिंग पर प्रतिबंध से संबंधित कानून लागू किया गया था। इसी के तहत अवैध ऑनलाइन मनी गेमिंग के संचालन के मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच के बाद धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।