खराब मौसम के चलते तीन विमान वाराणसी डायवर्ट, देरी से हुए रवाना  

खराब मौसम के कारण सोमवार को तीन विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य से डायवर्ट कर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सभी उड़ानों का संचालन बाद में सामान्य होने पर पुनः अपने गंतव्य के लिए किया गया।
 

वाराणसी। खराब मौसम के कारण सोमवार को तीन विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य से डायवर्ट कर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सभी उड़ानों का संचालन बाद में सामान्य होने पर पुनः अपने गंतव्य के लिए किया गया।

पहली उड़ान इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 2701 थी, जो दिल्ली से अयोध्या जा रही थी। अयोध्या में मौसम खराब होने के चलते इस विमान को वाराणसी डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह करीब 11:10 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और लगभग 12:15 बजे अयोध्या के लिए रवाना हो गया।

दूसरी उड़ान इंडिगो की ही फ्लाइट संख्या 6E 886 थी, जो हैदराबाद से गोरखपुर के लिए उड़ान पर थी। इस विमान में 226 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे। गोरखपुर में प्रतिकूल मौसम के कारण इसे भी वाराणसी की ओर मोड़ दिया गया। यह विमान दोपहर 1:50 बजे सुरक्षित लैंड हुआ और मौसम में सुधार होने के बाद 3:13 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।

तीसरी उड़ान अकासा एयर की फ्लाइट संख्या QP 1880 थी, जो बेंगलुरु से गोरखपुर जा रही थी। इस विमान में 167 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। गोरखपुर में खराब मौसम के चलते इसे भी वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारा गया। यह विमान दोपहर 2:01 बजे सुरक्षित उतरा और करीब 3:47 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हुआ।