दिवाली पर काशी को दहलाने की धमकी से हड़कंप, खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया धमकी भरा ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
वाराणसी। दीपावली से पहले काशी को दहलाने की धमकी मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से बुधवार को नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें काशी के धार्मिक स्थलों, स्कूलों और अन्य प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी के बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों समेत कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट हो गई है। एहतियातन बीएचयू, केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस), नगर निगम और प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
धमकी भरे ई-मेल में आठ नवंबर से हमलों की शुरुआत करने और 27 नवंबर तक इसे जारी रखने की बात कही गई है। इसके साथ ही काशी, मथुरा और अयोध्या को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है। नगर निगम के आधिकारिक मेल पर धमकी मिलने के बाद अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुलिस उच्चाधिकारियों के साथ सिगरा पुलिस को भी मामले से अवगत कराया। नगर निगम को उड़ाने की धमकी की सूचना लंका थाने को भी दी गई है।
धमकी की जानकारी मिलने के बाद चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया बीएचयू के केंद्रीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्य से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। केंद्रीय विद्यालय और सीएचएस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कर रही हैं। सभी थानों को अलर्ट कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
काशी में बम धमाकों की धमकी का यह पहला मामला नहीं है। करीब आठ महीने पहले 13 फरवरी 2026 को जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। तब केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और कमिश्नरेट पुलिस ने बम निरोधक दस्ते तथा डॉग स्क्वॉड के साथ परिसर खाली कराकर जांच की थी।