सावन का तीसरा सोमवार : फूलों से श्री काशी विश्वनाथ धाम का अद्भुत श्रृंगार, दर्शन को उमड़े शिवभक्त, तीन किलोमीटर लंबी कतार 

सावन के तीसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन को काशी में शिवभक्तों का रेला उमड़ा है। श्रद्धालुओं की तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी है। भोर में मंगला आरती के बाद से दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हुआ। भक्त और कांवड़िये बाबा विश्वनाथ का दर्शन-जलाभिषेक कर रहे हैं। दर्शन-पूजन का क्रम देर रात तक जारी रहेगा। शिवभक्तों और कांवड़ियों का स्वागत पुष्पवर्षा से किया जाएगा। हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे। कोलकाता से लाए गए फूलों से विश्वनाथ धाम का अद्भुत श्रृंगार किया गया है। 
 

वाराणसी। सावन के तीसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन को काशी में शिवभक्तों का रेला उमड़ा है। श्रद्धालुओं की तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी है। भोर में मंगला आरती के बाद से दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हुआ। भक्त और कांवड़िये बाबा विश्वनाथ का दर्शन-जलाभिषेक कर रहे हैं। दर्शन-पूजन का क्रम देर रात तक जारी रहेगा। शिवभक्तों और कांवड़ियों का स्वागत पुष्पवर्षा से किया जाएगा। हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे। कोलकाता से लाए गए फूलों से विश्वनाथ धाम का अद्भुत श्रृंगार किया गया है। 

इस बार सावन की तीसरे सोमवार पर नाग पंचमी का अद्भुत संयोग बन रहा है। ऐसे में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। श्रद्धालु आधी रात से ही बाबा के दर्शन को लाइन में लग गए। भोर में मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। भक्तों ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ दर्शन और जलाभिषेक शुरू किया। भक्तों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। 

फूलों से विश्वनाथ धाम की अद्भुत सजावट
सावन के तीसरे सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम की सजावट कोलकाता से लाए गए फूलों से की गई है। कोलकाता से 50 हजार फूल मंगाए गए हैं। इनमें गेंदे के तीन हजार, रजनीगंधा 1500, गुलाब और जलबेड़ा की 500-500 मालाओं से धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। 


शिवभक्तों और कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश 
श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा। श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मुकम्मल इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त ने रात में भ्रमण कर इंतजाम देखे। वहीं पुलिस अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

तस्वीरें .....