बरेका सिनेमा हॉल के सामने पान की दुकान में चोरी, नकदी समेत हजारों का सामान ले उड़े चोर

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बरेका स्थित सिनेमा हॉल के समीप पान की दुकान को बुधवार की रात निशाना बनाते हुए चोरों ने हजारों रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचा। चोरी की वारदात के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना के बाद पुलिस घटना की जांच में जुटी है। 
 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बरेका स्थित सिनेमा हॉल के समीप पान की दुकान को बुधवार की रात निशाना बनाते हुए चोरों ने हजारों रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब दुकानदार रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचा। चोरी की वारदात के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना के बाद पुलिस घटना की जांच में जुटी है। 

बरेका सिनेमा हॉल के सामने किशन पान भंडार नाम से दुकान संचालित करने वाले अखिलेश उर्फ गुड्डू बुधवार रात अपनी दुकान बंद कर ककरमत्ता स्थित घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दराज में रखी नकदी और कई सामान गायब थे।

दुकानदार ने बताया कि चोर दुकान में रखे करीब 12 से 14 हजार रुपये मूल्य के नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़ित दुकानदार ने बरेका पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

पहले भी हो चुके हैं चोरी के प्रयास
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी पान की दुकान में दो बार चोरी का प्रयास किया जा चुका है, लेकिन उस समय चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाए थे। इसके बावजूद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

वहीं कुछ महीने पहले इसी इलाके में स्थित एक दही-लस्सी की दुकान से भी लगभग पांच हजार रुपये नकद चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।