विश्व में अशांति का माहौल, इसीलिए विश्वनाथ दरबार में करने आया हूं प्रार्थना : श्रीश्री रविशंकर
वाराणसी। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर ने वाराणसी पहुंचकर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद मीडिया से बातचीत में वैश्विक शांति को लेकर अहम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस समय पूरी दुनिया में अशांति का माहौल है और वे बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करने आए हैं कि विश्व में शांति और भाईचारा बना रहे।
एयरपोर्ट से सीधे विश्वनाथ धाम पहुंचे
श्रीश्री रविशंकर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे काफिले के साथ काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और देश की प्रगति के साथ-साथ विश्व कल्याण की कामना की।
युद्ध को बताया “भीषण”, लोगों से हिम्मत रखने की अपील
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने वर्तमान वैश्विक संघर्षों पर चिंता जताते हुए कहा कि चल रहे युद्ध बेहद भीषण हैं और पूरी दुनिया इससे प्रभावित है। उन्होंने लोगों से हिम्मत बनाए रखने और शांति के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया।
सनातन धर्म को बताया शांति का मार्ग
एक सवाल के जवाब में श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि ‘सनातन’ ही वह मार्ग है, जो दुनिया को शांति की दिशा दिखा सकता है। उन्होंने आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि यही मानवता को स्थिरता और संतुलन प्रदान कर सकता है।
गौ हत्या के मुद्दे पर जताया समर्थन
गौ हत्या के खिलाफ उठाए जा रहे कदमों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इस पर सहमति जताई और समर्थन का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के विषयों पर समाज को संवेदनशील और जागरूक रहने की आवश्यकता है।
मंदिर प्रशासन ने किया सम्मान
इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से श्रीश्री रविशंकर का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। उन्हें प्रसाद, अंगवस्त्र और रुद्राक्ष की माला भेंट कर सम्मानित किया गया।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
श्रीश्री रविशंकर के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके दर्शन और संदेश से काशी का आध्यात्मिक माहौल और भी गहरा हो गया।
देखें वीडियो