राजातालाब में साड़ी शोरूम में चोरी, छत के रास्ते घुसे चोरों ने लाखों का माल किया पार
वाराणसी। राजातालाब बाजार के लॉ कॉलेज रोड स्थित गुप्ता साड़ी सेंटर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी दुकान मालिक गोविंद गुप्ता को सुबह दुकान खोलने पर हुई।
रात में दुकान में कोई मौजूद नहीं था। चोर छत के रास्ते अंदर घुसे और दरवाजा तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने महंगी साड़ियों के साथ करीब पांच हजार रुपये नकद और दस चांदी के सिक्के भी चोरी कर लिए। चोरी गए माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में राजातालाब थाने में लिखित शिकायत दी गई। थानाध्यक्ष दयाशंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक महीने में क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।