सारनाथ में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद, आरोपियों का लंबा है आपराधिक रिकार्ड  

सारनाथ पुलिस ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5230 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ नौ, जबकि अन्य दो के खिलाफ भी कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीनों की गिरफ्तारी फरीदपुर अंडरपास के पास से की गई।
 

वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5230 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ नौ, जबकि अन्य दो के खिलाफ भी कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीनों की गिरफ्तारी फरीदपुर अंडरपास के पास से की गई।

पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को एक व्यक्ति ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक बुद्धराज को विवेचना सौंपी थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने गौरव राय उर्फ गोलू पंडित, इरसाद और विजय चौहान उर्फ लकी चौहान को फरीदपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गौरव राय की उम्र करीब 20 वर्ष, इरसाद की करीब 18 वर्ष और विजय चौहान की उम्र करीब 18 वर्ष है।

तीनों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गौरव राय उर्फ गोलू पंडित के खिलाफ सारनाथ थाने में वर्ष 2024 से 2026 तक चोरी समेत विभिन्न धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। इरसाद के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर और सारनाथ थाने में तीन मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं विजय चौहान उर्फ लकी चौहान के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर, सारनाथ और भेलूपुर थानों में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।

‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कार्रवाई
गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त के चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान और ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत की गई। कार्रवाई में सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव, उपनिरीक्षक बुद्धराज समेत थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।