त्योहार पर घर लौटने वालों का सफर होगा आसान, योगी सरकार ने वाराणसी परिक्षेत्र में बढ़ाईं 185 बसें
दीपावली और छठ पर 12 दिनों तक सड़कों पर उतरेंगी 331 बसें, दिल्ली से लेकर गोरखपुर तक यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त परिवहन सुविधा
गाजीपुर और जौनपुर से पहली बार दिल्ली के लिए शुरू होगी सीधी बस सेवा
वाराणसी। त्योहार की खुशियां अपनों के साथ मनाने के लिए घर लौटने वाले लोगों को इस बार बसों की कमी के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा। दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम वाराणसी परिक्षेत्र से 12 दिनों तक 185 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। इससे सामान्य दिनों में चलने वाली 146 बसों के मुकाबले अब कुल 331 बसें यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध रहेंगी।
दिल्ली से गोरखपुर तक बढ़ेगी बसों की उपलब्धता
त्योहारों के दौरान दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और बैढ़न जैसे प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए इन रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर सबसे अधिक 72 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। वहीं वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर 31, गाजीपुर-लखनऊ-कानपुर मार्ग पर 25 और वाराणसी-कानपुर मार्ग पर 13 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा अन्य प्रमुख मार्गों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई गई है।
इस बार गाजीपुर और जौनपुर के यात्रियों के लिए एक खास सुविधा भी शुरू की जा रही है। अब तक इन जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गाजीपुर से एक और जौनपुर से दो अतिरिक्त बीएस-6 बसें चलाई जाएंगी। इससे दोनों जिलों के लोगों को दिल्ली पहुंचने के लिए सीधी बस सेवा का विकल्प मिलेगा।
जरूरत के अनुसार बढ़ाए जाएंगे बसों के फेरे
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि सामान्य दिनों में वाराणसी परिक्षेत्र से 146 बसों का संचालन किया जाता है। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। इसी को देखते हुए 185 अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
कैंट बस स्टेशन पर चौबीसों घंटे मिलेगी सहायता
यात्रियों को केवल बसों की उपलब्धता ही नहीं, बल्कि स्टेशन पर जरूरी सहायता भी मिलेगी। वाराणसी के चौधरी चरण सिंह अंतरराज्यीय बस स्टेशन (कैंट) पर 24 घंटे शिफ्टवार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी यात्रियों को बसों में बैठाने, विभिन्न मार्गों की जानकारी देने और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सहयोग करेंगे।
प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन
मार्ग वर्तमान बसें अतिरिक्त बसें संबंधित डिपो
गाजीपुर-दिल्ली 00 01 गाजीपुर (बीएस-6 बस)
जौनपुर-दिल्ली 00 02 जौनपुर (बीएस-6 बसें)
वाराणसी-लखनऊ 41 31 15 कैंट, 5 काशी, 1 चंदौली, 10 जौनपुर
वाराणसी-कानपुर 18 13 5 कैंट, 3 काशी, 5 चंदौली
वाराणसी-गोरखपुर| 39 72 3 कैंट, 17 काशी, 7 चंदौली, 30 सोनभद्र, 15 विंध्यनगर
वाराणसी-बैढ़न 10 10 काशी डिपो
जौनपुर-गोरखपुर-प्रयागराज 3 8 8 जौनपुर
जौनपुर-कानपुर 14 10 10 जौनपुर
गाजीपुर-लखनऊ-कानपुर 13 25 25 गाजीपुर
गाजीपुर-गोरखपुर 5 8 8 गाजीपुर
शक्तिनगर-लखनऊ 2 3 3 विंध्यनगर
शक्तिनगर-कानपुर 1 2 2 विंध्यनगर