वाराणसी में बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हो रही वृद्धि, घाटों पर बढ़ी निगरानी
वाराणसी। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। सोमवार सुबह 8 बजे केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर 61.28 मीटर रिकॉर्ड किया गया। नदी का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एनडीआरएफ और जल पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। घाटों और नदी किनारे संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। जल पुलिस की टीमें नावों के माध्यम से गंगा में गश्त कर रही हैं, जबकि एनडीआरएफ संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रशासन की ओर से गंगा किनारे रहने वाले लोगों, स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं और नाविकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। नदी के तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर तथा खतरे का बिंदु 71.262 मीटर निर्धारित है। फिलहाल जलस्तर इन दोनों स्तरों से काफी नीचे है, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि गंगा के जलस्तर की पल-पल निगरानी की जा रही है। यदि बढ़ोतरी का क्रम जारी रहता है तो आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा और राहत संबंधी इंतजाम भी किए जाएंगे, ताकि किसी भी संभावित स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।