वाराणसी में फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, शीतला मंदिर में घुसा पानी, घाट डूबे

गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। गुरुवार की सुबह जलस्तर स्थिर था, लेकिन शाम को बढ़ने लगा। जलस्तर में वृद्धि का स्तर शुक्रवार को भी जारी रहा। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सुबह 8 बजे 68.74 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो चेतावनी बिंदु से मात्र 1.52 मीटर नीचे है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है। 
 

दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, शुक्रवार सुबह 68.74 मीटर किया गया रिकॉर्ड

श्मशान पर शवदाह स्थल जलमग्न, छत पर और गलियों में हो रहा शवदाह

घाटों का आपसी संपर्क टूटा, नौका संचालन पर लगी है रोक, एनडीआरएफ व जल पुलिस कर रही निगरानी 

वाराणसी। गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। गुरुवार की सुबह जलस्तर स्थिर था, लेकिन शाम को बढ़ने लगा। जलस्तर में वृद्धि का स्तर शुक्रवार को भी जारी रहा। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सुबह 8 बजे 68.74 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो चेतावनी बिंदु से मात्र 1.52 मीटर नीचे है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है। 

पिछले दिनों गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही थी। गुरुवार की सुबह जलस्तर स्थिर हो गया। इसके बाद तटवर्ती इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि शाम के वक्त जलस्तर में डेढ़ सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वृद्धि शुरू हो गई। शुक्रवार की सुबह दो सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वृद्धि रिकॉर्ड की गई। गंगा का जलस्तर 68.74 मीटर पर पहुंच गया। वाराणसी में गंगा में चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। 

गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने गुरुवार को बोट से गंगा में भ्रमण किया। गंगा के जलस्तर में वृद्धि के साथ ही वरूणा नदी में भी पलट प्रवाह हो रहा है। इससे आसपास के इलाकों में पानी घुसने लगा है। अधिकारियों ने पूरे इलाके का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।