गंगा के जलस्तर में वृद्धि, चौथी बार बदला दशाश्वमेध घाट की आरती का स्थल
वाराणसी। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती का स्थान एक बार फिर बदलना पड़ा। गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित होने वाली आरती का स्थान जलस्तर बढ़ने के कारण अब तक चौथी बार बदला जा चुका है। रविवार को भी बढ़ते पानी के बीच घाट की सीढ़ियों पर मां गंगा की आरती संपन्न कराई गई।
गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से घाटों की निचली सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आरती स्थल को लगातार ऊंचाई की ओर स्थानांतरित किया जा रहा है। रविवार को आरती के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों ने मां गंगा की भव्य आरती के दर्शन किए और आस्था के साथ पूजन-अर्चन किया।
आरती स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। बढ़ते जलस्तर के कारण घाटों पर स्नान और अन्य गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है। गंगा सेवा निधि की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ आरती संपन्न हुई। दीपों की रोशनी और घंट-घड़ियाल की गूंज से घाट का वातावरण भक्तिमय हो उठा। गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कमी नहीं दिखी।
देखें वीडियो