वाराणसी में हर घंटे पांच सेंटीमीटर बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, खतरे के बिंदु से 4 नीचे बह रही गंगा, तटवर्ती इलाके के लोगों की बढ़ी चिंता
वाराणसी। गंगा के जलस्तर में वृद्धि का दौर जारी है। सोमवार को जलस्तर में हर घंटे पांच सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी रिकॉर्ड की गई। फिलहाल गंगा खतरे के बिंदु से चार मीटर नीचे बह रही हैं। जलस्तर में तेजी से वृद्धि के साथ तटवर्ती इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं प्रशासनिक अमला भी किसी भी तरह की स्थिति से निबटने के लिए तैयार है।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को तीन सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वृद्धि हो रही थी, लेकिन रात में 45 मिलीमीटर बारिश के बाद जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। सोमवार की सुबह 8 बजे पांच सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा था। घाटों का आपसी संपर्क टूट चुका है। वहीं तटवर्ती इलाकों में पानी फैल रहा है। ऐसे में आसपास रहने वाले लोग सशंकित हैं।
वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर है। ऐसे में इस समय गंगा चेतावनी बिंदु से मात्र चार मीटर नीचे बह रही हैं। यदि इसी रफ्तार से जलस्तर बढ़ता रहा तो जल्द ही गंगा चेतावनी बिंदु को छू सकती हैं। वैसे, जिला प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ की स्थिति से निबटने के सभी इंतजाम किए गए हैं।