संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के कुलपति को मिलेगी मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि, 12 को होगा अलंकरण समारोह, एनसीसी कैडेट देंगे गार्ड ऑफ ऑनर
वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ग्रुप मुख्यालय वाराणसी ‘बी’ की ओर से मानद ‘कर्नल कमांडेंट’ की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। इस अवसर पर 12 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मुख्य भवन स्थित सभागार में गरिमामय अलंकरण एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा। समारोह में एनसीसी कैडेटों की ओर से कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि प्रदान करने के लिए समारोह की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सैन्य परंपरा और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कुलपति को मानद पद के पदचिह्न एवं सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद
समारोह में वाराणसी ‘बी’ ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर सहित एनसीसी के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और अन्य अधिकारी शामिल होंगे। कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार ने कहा कि कुलपति को प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय ज्ञान परंपरा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के मूल्यों का समन्वय भी सामने आएगा।
समारोह की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और एनसीसी विभाग के अधिकारियों ने मुख्य भवन के सभागार, मंच, सुरक्षा, अतिथि व्यवस्था, प्रोटोकॉल, संगीत और सैन्य कार्यक्रमों से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। गार्ड ऑफ ऑनर समेत विभिन्न कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी किया गया, ताकि मुख्य समारोह में सभी गतिविधियां सैन्य परंपरा और अनुशासन के अनुरूप संपन्न हो सकें।
ज्ञान परंपरा और राष्ट्रसेवा का संगम
विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत भाषा और शास्त्रीय विद्याओं की समृद्ध विरासत का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में कुलपति को मानद कर्नल कमांडेंट की उपाधि मिलना दोनों संस्थानों के साझा मूल्यों का प्रतीक माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह सम्मान कुलपति के साथ पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। समारोह को व्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा, परिसर, मंच, प्रोटोकॉल, अतिथि व्यवस्था और जनसंपर्क समेत विभिन्न जिम्मेदारियां संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई हैं।
तैयारियों के दौरान ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पंजियार, लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश वीरौशन, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रकरण वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल हर्षित छाबड़ा सहित विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. जितेन्द्र कुमार, डॉ. ज्ञानेन्द्र सापकोटा, डॉ. विजेन्द्र आर्य, एनसीसी अधिकारी डॉ. नितिन आर्य, पीआरओ शशीन्द्र मिश्र, प्रभुनाथ यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।