गंगा आरती में गूंजी शिवमणि के ड्रम की धुन, काशी में भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर आयोजित मां गंगा आरती के दौरान प्रसिद्ध वादक शिवमणि ने अपने ड्रम वादन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शिवमणि जी द्वारा मां गंगा के विधिपूर्वक पूजन से हुई। इसके बाद गंगा आरती के समय उन्होंने अपने ड्रम का वादन प्रारंभ किया। उनके सुर और ताल की लयबद्ध प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्ति और ऊर्जा से भर दिया। आरती के साथ उनके वादन ने माहौल को और अधिक दिव्य और आकर्षक बना दिया।
घाट पर मौजूद श्रद्धालु इस अनोखे अनुभव से भावविभोर नजर आए। “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संचार हुआ। संगीत और भक्ति के इस संगम ने उपस्थित लोगों को एक अलग ही अनुभूति प्रदान की।
इस अवसर ने यह भी दर्शाया कि काशी केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और कलात्मक अभिव्यक्तियों का भी महत्वपूर्ण स्थल है। शिवमणि के वादन ने गंगा आरती को एक नई ऊंचाई देते हुए इसे और भी यादगार बना दिया।