वाराणसी पहुंचा 240 पहियों वाला ‘बाहुबली’ ट्रेलर, देखने के लिए उमड़ी भीड़, ओडिशा से बनारस पहुंचने में पी गया दो करोड़ का डीजल
वाराणसी। बेल्जियम से आयातित करीब 160 टन वजनी वैक्यूम बॉयलर (वेसल) को लेकर चल रहा 240 पहियों वाला विशाल मल्टी-एक्सल ट्रेलर सोमवार को वाराणसी के डाफी बाईपास टोल प्लाजा के करीब पहुंचा। भारी-भरकम संयंत्र को लेकर गुजर रहे इस विशेष वाहन को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुट रही है। ट्रेलर और उस पर लदे विशाल बॉयलर को देखकर लोग मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो भी बना रहे हैं। चीनी मिल के लिए ले जाए जा रहे इस संयंत्र के सुरक्षित आवागमन को लेकर मार्ग में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कर्मचारियों की मानें तो विशालकाय ट्रेलर के ओडिशा से बनारस पहुंचने में लगभग दो करोड़ का डीजल लग चुका है।
50 कर्मचारियों की टीम साथ चल रही
विशाल ट्रेलर के साथ करीब 50 कर्मचारियों की टीम लगातार चल रही है। बॉयलर को लेकर चल रहे मुख्य मल्टी-एक्सल ट्रेलर को खींचने के लिए दो बड़े ट्रक लगाए गए हैं। कर्मचारियों के अनुसार एक ट्रक मुख्य रूप से ट्रेलर को खींचने का काम करता है, जबकि दूसरा उसके साथ चलता है। दोनों ट्रकों के इंजन यात्रा के दौरान लगातार चालू रखे जाते हैं।
इंजन बंद होने पर चार घंटे लग सकते हैं
कर्मचारियों ने बताया कि ट्रेलर की संचालन व्यवस्था कंप्रेसर पर निर्भर है। यदि इंजन बंद हो जाए तो कंप्रेसर व्यवस्था को दोबारा तैयार करने में करीब चार घंटे लग सकते हैं। इसी कारण यात्रा के दौरान इंजन बंद करने से बचा जाता है। कर्मचारियों के मुताबिक अब तक भारी वाहन को यहां तक पहुंचाने में करीब दो करोड़ रुपये का डीजल खर्च हो चुका है।
शाम को डाफी टोल पर रुकेगा ट्रेलर
कर्मचारियों के अनुसार सोमवार शाम तक ट्रेलर को डाफी टोल प्लाजा पर रोक दिया जाएगा। आगे के मार्ग की स्थिति और जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद ही इसे आगे रवाना किया जाएगा।
रास्ते से हटाए जा रहे अवरोध
ट्रेलर के आगे बढ़ने से पहले मार्ग में आने वाले साइन बोर्ड और अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है। सड़क की स्थिति की जांच और रास्ता पूरी तरह साफ होने के बाद ही भारी वाहन को आगे बढ़ाया जाता है। कर्मचारियों के अनुसार वाराणसी पार कराने के दौरान मार्ग में आने वाले एक फुट ओवरब्रिज को भी हटाना पड़ सकता है। विशाल ट्रेलर और 160 टन के बॉयलर को देखने के लिए रास्ते भर लोगों में खासा कौतूहल बना हुआ है।