बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती के दूसरे दिन दांव-पेंच का रोमांच, कई भार वर्गों में सेमीफाइनलिस्ट तय
फ्रीस्टाइल के 65, 86 और 125 किग्रा तथा ग्रीको-रोमन के चार भार वर्गों में पहलवानों ने बनाई अंतिम चार में जगह
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अखाड़े में ताकत, तकनीक और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन हुआ। विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों ने एक-एक अंक के लिए जोर लगाया और अपने दमदार प्रदर्शन के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।
फ्रीस्टाइल के 65 किग्रा भार वर्ग में वेस्टर्न रेलवे के अजय, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नीरज, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के उदित और मेजबान बरेका के दीपांशु ने अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
86 किग्रा वर्ग में रेलवे कोच फैक्टरी के संजीव, बरेका के सचिन गिरी, वेस्टर्न रेलवे के परमीत और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं 125 किग्रा वर्ग में नॉर्दर्न रेलवे के अनिरुद्ध, सेंट्रल रेलवे के महेंद्र गाई, वेस्टर्न रेलवे के अमन राठी और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जोंटी कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में स्थान बनाया।
ग्रीको-रोमन में भी जोरदार मुकाबले
ग्रीको-रोमन के 60 किग्रा भार वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष और नॉर्दर्न रेलवे के सूरज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। 67 किग्रा में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के विकास, वेस्टर्न रेलवे के सचिन, सेंट्रल रेलवे के विक्रम कुर्द और अनिल ने अंतिम चार में प्रवेश किया।
77 किग्रा वर्ग में मेजबान बरेका के सागर ठाकरान, ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अमित, नॉर्दर्न रेलवे के विकास और वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने सेमीफाइनल में स्थान बनाया। 97 किग्रा वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडु, वेस्टर्न रेलवे के नितेश कुमार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के रवि और सेंट्रल रेलवे के विनोद गोरे ने अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई।
दूसरे दिन कई मुकाबले आखिरी क्षण तक रोमांचक बने रहे। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मेजबान बरेका के पहलवानों के मुकाबलों के दौरान विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में राजीव तोमर, संदीप यादव, पप्पू यादव और कृपा शंकर बिश्नोई जैसे चर्चित पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।