वाराणसी कैंट विधानसभा सीट पर सपा के PDA फॉर्मूले की होगी परीक्षा, क्या दलित चेहरे पर दांव लगाएगी पार्टी?
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र की सामान्य सीट पर सामाजिक प्रतिनिधित्व बना बड़ा सवाल
करीब 65 हजार दलित मतदाताओं पर टिकी राजनीतिक समीकरणों की नजर
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की कैंट विधानसभा सीट आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासकर पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को लेकर इस सीट पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी अपने सामाजिक न्याय और भागीदारी के नारे को जमीन पर उतारने के लिए कैंट जैसी सामान्य विधानसभा सीट पर किसी दलित चेहरे को प्रत्याशी बनाने का साहस दिखाएगी?
कैंट विधानसभा सीट का चुनावी गणित सामाजिक और जातीय समीकरणों के लिहाज से काफी अहम है। अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी कैंट विधानसभा सीट पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं की अच्छी-खासी तादाद है। लगभग 60 हजार से अधिक दलित मतदाता हर चुनाव में निर्णायक साबित होते हैं। समाजवादी पार्टी लगातार PDA को अपनी राजनीतिक विचारधारा और चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार बना रही है। पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की बात करती रही है। ऐसे में वाराणसी कैंट सीट उसके लिए इस रणनीति की वास्तविक परीक्षा बन सकती है। करीब 65 हजार दलित मतदाताओं की मौजूदगी इस सवाल को और महत्वपूर्ण बनाती है कि क्या पार्टी इस वर्ग को केवल अपने चुनावी समर्थन का हिस्सा बनाएगी या नेतृत्व और प्रत्याशी चयन में भी भागीदारी देगी?
कैंट विधानसभा पूरी तरह शहरी क्षेत्र है। यहां व्यापारी वर्ग, मध्यवर्ग, ब्राह्मण, वैश्य, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र हैं। ऐसे में सपा के सामने चुनौती केवल भाजपा को राजनीतिक टक्कर देने की नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक वर्गों को एक साझा चुनावी मंच पर लाने की भी होगी।
इस सीट पर लंबे समय से भाजपा का प्रभाव रहा है। ऐसे में सपा के लिए प्रत्याशी चयन बेहद महत्वपूर्ण होगा। पार्टी को ऐसा चेहरा तलाशना होगा जो संगठनात्मक मजबूती के साथ सामाजिक समीकरणों को भी साध सके। यदि पार्टी दलित चेहरे पर दांव लगाती है तो यह PDA की राजनीति को व्यवहार में प्रदर्शित करने का प्रयास माना जाएगा। वहीं, किसी अन्य वर्ग के प्रत्याशी को मौका देने की स्थिति में दलित मतदाताओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व का सवाल राजनीतिक बहस का विषय बन सकता है।
वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के कारण कैंट सीट पर सपा का प्रत्याशी चयन स्थानीय राजनीति से आगे बढ़कर प्रदेश की राजनीति में भी संदेश दे सकता है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि समाजवादी पार्टी यहां परंपरागत चुनावी गणित को प्राथमिकता देती है या PDA के सामाजिक प्रतिनिधित्व को आधार बनाकर कोई नया राजनीतिक प्रयोग करती है।
1991 से लगातार बीजेपी की जीत
इस सीट पर 1991 से लगातार बीजेपी जीत हासिल करती आ रही है। इस सीट पर चार बार ज्योत्सना श्रीवास्तव, दो बार उनके पति हरिश्चंद्र श्रीवास्तव और दो बार सौरभ श्रीवास्तव ने जीत हासिल की है। ऐसे में बीजेपी के इस अभेद्य किले में सेंध लगाना सपा के लिए बड़ी चुनौती है।