खुले नाले और सीवर की समस्या से विश्वकर्मा नगर के वासियों की बढ़ी दुश्वारी, जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन, शासन-प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा नगर में लंबे समय से खुले नालों और सीवर की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। कॉलोनी की सड़कों पर गंदा पानी और गंदगी के कारण आवागमन में मुश्किलें झेलनी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से आजीज लोगों ने रविवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
स्थानीय निवासी नीलम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवर लाइन की समस्या बनी हुई है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से लोगों को जलजमाव के बीच से गुजरना पड़ता है। पानी जमा रहने और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। निवासियों ने महापौर और नगर आयुक्त से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सीवर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों की प्रमुख मांग है कि विश्वकर्मा नगर में जल्द सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू कराया जाए।
स्थानीय लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि जब तक सीवर लाइन का काम पूरा नहीं होता, तब तक रियायती दर पर सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए टैंकर की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि इससे फिलहाल जलनिकासी और सीवर से जुड़ी परेशानी को कुछ हद तक कम किया जा सकेगा। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें लगातार गंदगी और जलजमाव के बीच रहना पड़ेगा। लोगों ने नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।