पुलिस कमिश्नर ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, ट्रैफिक मैनेजमेंट का जाना हाल, जाम रोकने और कट प्वाइंट सील करने के दिए निर्देश
एनएच की उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित, दक्षिणी लेन से होगा आवागमन
पुलिस आयुक्त ने सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, अतिरिक्त पुलिस बल और लगातार पेट्रोलिंग के दिए निर्देश
सभी कट प्वाइंट रहेंगे सील, अनधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह रोक, संदिग्ध गतिविधियों पर रखें नजर
वाराणसी। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार शाम वाराणसी-भदोही सीमा स्थित गुड़िया बॉर्डर से लेकर मिर्जामुराद क्षेत्र तक आरक्षित कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा कांवड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने गुड़िया बॉर्डर, कछवां रोड, मिर्जामुराद स्थित बंगलाचट्टी के प्राचीन शिव मंदिर एवं तालाब, राधा-कृष्ण मंदिर तथा रखौना रिंग रोड तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस कमिश्नर ने पाया कि कांवड़ियों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पूरी तरह आरक्षित है, जहां श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता से यात्रा कर रहे हैं। वहीं दक्षिणी लेन से सामान्य वाहनों का आवागमन जारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति बनने पर संबंधित थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराए तथा प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान कांवड़िया विश्राम स्थलों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर स्थापित अस्थायी पुलिस चौकियों, सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग और डायवर्जन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग के सभी कट प्वाइंट पूरी तरह सील रहें और आरक्षित मार्ग पर किसी भी अनधिकृत वाहन या व्यक्ति का प्रवेश न होने दिया जाए। साथ ही पूरे मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेंद्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), एसीपी राजातालाब वीर सिंह, मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा, राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।