पुलिस आयुक्त ने कचहरी क्षेत्र का किया निरीक्षण, पार्किंग व्यवस्था और कलर कोडिंग के उल्लंघन पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को शहर की यातायात और पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सर्किट हाउस से कचहरी चौराहा तक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पार्किंग स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कलर कोडिंग प्रणाली के उल्लंघन पर सख्त नाराजगी जताई। पुलिस आयुक्त ने नियमों के पालन को लेकर सख्त निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने भ्रमण के दौरान कचहरी क्षेत्र में संचालित पार्किंग स्थलों पर लागू कलर कोडिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्किंग संचालन में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कलर कोडिंग व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान कचहरी चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को लेकर भी चिंता जताई गई। पुलिस आयुक्त ने संबंधित एसीपी और ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों की नियमित निगरानी की जाए और यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले लोगों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पार्किंग ठेकेदार को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सभी वाहनों को निर्धारित कलर कोडिंग वाले पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए। यदि व्यवस्था में लापरवाही पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन पार्किंग स्थलों की जानकारी आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए, ताकि लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि आम लोगों को पार्किंग संबंधी नियमों और कलर कोडिंग व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए आवश्यकतानुसार सूचना बोर्ड, प्रचार सामग्री और जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ लोगों में अनुशासन और जागरूकता विकसित करना भी जरूरी है। निरीक्षण के दौरान पुलिस और यातायात विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।