गोदौलिया पर खिलौना पिस्टल लेकर भौकाल दिखाना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक को पकड़ा

गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर धोती में पिस्टल खोंसकर रौब झाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया। वायरल वीडियो में युवक सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ घूमता और लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा था। हालांकि, जांच में असलहा खिलौना पिस्टल निकली। 
 

वाराणसी। गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर धोती में पिस्टल खोंसकर रौब झाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संबंधित युवक को हिरासत में ले लिया। वायरल वीडियो में युवक सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ घूमता और लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा था। हालांकि, जांच में असलहा खिलौना पिस्टल निकली। 

युवक की पहचान राजातालाब निवासी रविशंकर मिश्रा के रूप में हुई। वीडियो वायरल होते ही दशाश्वमेध थाना पुलिस सक्रिय हुई और युवक को पकड़कर थाने ले आई। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने उसके पास मौजूद पिस्टल की पड़ताल की, जिसमें पता चला कि वह असली नहीं बल्कि खिलौना पिस्टल थी।

सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा दिखने वाला सामान लेकर प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, रविशंकर मिश्रा दशाश्वमेध पुलिस की निगरानी में हैं और उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।