तुष्टिकरण की राजनीति में जुटा विपक्ष, भाजपा सबका विकास कर रही, बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर साधा निशाना
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने गुरुवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता कर संगठन की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वे तुष्टिकरण की राजनीति कर समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि भाजपा सभी वर्गों के विकास के लिए समान रूप से कार्य कर रही है।
प्रकाश पाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भाजपा के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार कर रहा है और केवल एक विशेष वर्ग को खुश करने की राजनीति में लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर जैसे विषयों पर भाजपा की आलोचना करने वाले विपक्षी दलों को समाज के अन्य वर्गों की समस्याओं और उनके विकास पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए। भाजपा का उद्देश्य किसी एक वर्ग नहीं, बल्कि पूरे समाज का समग्र विकास है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करेगा। इसके लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाए जाएंगे और पिछड़े वर्गों के बीच केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि संगठन समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी दिनों में कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।