शिवपुर स्टेशन पर महिला से मंगलसूत्र छीनने वाला शातिर लुटेरा कैंट स्टेशन से गिरफ्तार, 60 हजार का जेवर बरामद

रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी दीपक सोनकर उर्फ दीपू (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।
 

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर नौ के आउटर से पकड़ा, आरोपी के खिलाफ बढ़ाई गई धाराएं

वाराणसी। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी दीपक सोनकर उर्फ दीपू (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।

प्लेटफॉर्म नंबर नौ के आउटर पर मिला संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 13 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन वाराणसी कैंट पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म नंबर नौ के काशी साइड आउटर की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एससी-एसटी छात्रावास के सामने रेलवे लाइन के किनारे सिग्नल बॉक्स के पास रखे एक पुराने बॉक्स के निकट युवक बैठा दिखाई दिया।

पुलिस टीम को देखकर युवक घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से एक मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद जेवर को विधिवत सील कर कब्जे में लिया।

शिवपुर स्टेशन पर ट्रेन में छिनैती की बात कबूली
जीआरपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शिवपुर स्टेशन से एक ट्रेन में महिला के गले से मंगलसूत्र छीना था। मामले की जानकारी संबंधित थाने से जुटाने पर पता चला कि इस घटना के संबंध में जीआरपी कैंट वाराणसी में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 323/2026, धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज है।


बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। आरोपी को मंगलवार सुबह करीब 11:55 बजे रेलवे स्टेशन वाराणसी कैंट से पुलिस हिरासत में लिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम नारायण शुक्ला, एएसआई राकेश सिंह, कांस्टेबल उमाकांत यादव, वीरेंद्र कुमार, सतीश यादव, धीरज कुमार यादव और हेड कांस्टेबल जीतेंद्र कुमार शामिल रहे।