नगर आयुक्त ने करसड़ा कूड़ा निस्तारण प्लांट का किया निरीक्षण, हर दिन कूड़े के शत-प्रतिशत निस्तारण के दिए निर्देश

स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम ने करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्लांट का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
 

वाराणसी। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम ने करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पर सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्लांट का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने प्लांट की कार्यप्रणाली, कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) प्रबंधन और लिगेसी वेस्ट के निस्तारण की तैयारियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्लांट पर प्रतिदिन आने वाले कूड़े का 100 प्रतिशत निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्थिति में बैकलॉग न बनने पाए।

आरडीएफ के प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ठोस और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार कर उस पर तेजी से अमल करने को कहा। साथ ही, लिगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए चयनित संस्था को निर्देशित किया गया कि वह जल्द से जल्द चरणबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करे और तय समयसीमा के भीतर काम शुरू करे, ताकि पुराने कचरे के ढेर को खत्म कर स्थल को उपयोगी बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एक बड़ी समस्या पर भी ध्यान दिया गया, जिसमें हर साल बाढ़ के समय करसड़ा प्लांट तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो जाता है। इससे संचालन और आवागमन बाधित होता है। इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सड़क को लगभग 6 फीट ऊंचा कर निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में यह समस्या न आए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में करसड़ा प्लांट की भूमिका बेहद अहम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।