नगर आयुक्त ने सिटी स्टेशन और नमो घाट मार्ग का किया निरीक्षण, गिट्टी-मलबा हटाने और सीवर जाम ठीक करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
वाराणसी। काशी तमिल संगमम के आयोजन को लेकर शहर की सड़कों, सफाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार सुबह नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने कज्जाकपुरा, सिटी स्टेशन और नमो घाट जाने वाले मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री, सीवर जाम और धूल-मिट्टी की समस्या देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त कज्जाकपुरा फल मंडी के पास पहुंचे। यहां सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद मार्ग पर गिट्टी और निर्माण सामग्री बिखरी मिली। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल मलबा हटवाकर सड़क की पूरी तरह सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर निर्माण सामग्री रहने से यातायात प्रभावित होता है और शहर की सुंदरता भी खराब होती है।
इसके बाद कज्जाकपुरा स्थित निर्माणाधीन यूनिटी मॉल के पास निरीक्षण में सीवर जाम की समस्या सामने आई। नगर आयुक्त ने तत्काल सक्शन मशीन लगाकर सीवर की सफाई कराने और समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
धूल रोकने के लिए स्प्रिंकलर और व्यू कटर लगाने के निर्देश
सिटी स्टेशन के पास रेलवे के निर्माण कार्य और वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल-मिट्टी फैलने की समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त ने नियमित अंतराल पर स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने को कहा।
वहीं, नमो घाट जाने वाले मार्ग पर पलंग शहीद के पास रेलवे के निर्माण कार्य के कारण धूल फैलने की आशंका को देखते हुए आवश्यकतानुसार व्यू कटर लगाने का निर्देश दिया। इससे निर्माण स्थल की धूल सड़क पर फैलने से रोकी जा सकेगी और राहगीरों को राहत मिलेगी।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सफाई और नागरिक सुविधाओं की निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। काशी तमिल संगमम के दौरान शहर आने वाले अतिथियों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।