काशी तमिल संगमम का शनिवार से होगा आगाज, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे शुभारंभ, सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद 

उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण शनिवार से काशी में शुरू होगा। 28 नवंबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु और काशी की संस्कृति, परंपरा, साहित्य, कला और आध्यात्मिक विरासत का संगम देखने को मिलेगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न चरणों में तमिलनाडु से करीब 1400 से 1500 अतिथियों और प्रतिभागियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है।
 

12 दिसंबर तक चलेगा पांचवां संस्करण, तमिलनाडु से 1500 अतिथियों के आने की संभावना, बीएचयू से नमो घाट तक सजेगा सांस्कृतिक उत्सव

उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को जोड़ने के लिए काशी में 15 दिनों तक होंगे विविध आयोजन

विशेष ट्रेन से 300 सदस्यीय पहला जत्था पहुंचेगा वाराणसी, काशी समेत आसपास के इलाकों का करेंगे भ्रमण 

वाराणसी। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण शनिवार से काशी में शुरू होगा। 28 नवंबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु और काशी की संस्कृति, परंपरा, साहित्य, कला और आध्यात्मिक विरासत का संगम देखने को मिलेगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न चरणों में तमिलनाडु से करीब 1400 से 1500 अतिथियों और प्रतिभागियों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है।

मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने बताया कि उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति के साथ मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, आईआईटी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पदाधिकारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बीएचयू में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ उसका अवलोकन भी करेंगे। नमो घाट पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

विशेष ट्रेन से पहुंचेगा पहला जत्था
तमिलनाडु से करीब 300 सदस्यों का पहला जत्था विशेष ट्रेन से 28 नवंबर की सुबह वाराणसी पहुंचेगा। अतिथियों के लिए पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है। पहले दो दिन उन्हें काशी और आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। तीसरे दिन अयोध्या और चौथे दिन प्रयागराज की यात्रा प्रस्तावित है। इसके बाद सभी प्रतिभागी काशी लौटेंगे, जहां से उनकी विदाई होगी।

उत्तर-दक्षिण के रिश्तों को मिलेगी मजबूती
काशी तमिल संगमम का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसके जरिए दोनों क्षेत्रों की भाषा, साहित्य, कला, संगीत, खानपान और परंपराओं को साझा मंच मिलेगा। मंडल आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने काशीवासियों और पर्यटकों से आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विविधता में एकता और उत्तर-दक्षिण के आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का उत्सव है। आयोजन के लिए वाराणसी में बीएचयू और नमो घाट प्रमुख केंद्र हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर तैयारी देखी। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।