बीएचयू के पास बाइक सवार पर फायरिंग की घटना का खुलासा, शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में चली थी गोली, तीन गिरफ्तार

लंका थाना क्षेत्र में मई माह में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक सवार युवक पर क्रेटा कार से गोली चलाने के मामले में पुलिस ने सोमवार तड़के लौटूबीर पुलिया के पास सर्विस लेन से तीन शातिर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में मई माह में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक सवार युवक पर क्रेटा कार से गोली चलाने के मामले में पुलिस ने सोमवार तड़के लौटूबीर पुलिया के पास सर्विस लेन से तीन शातिर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन और एसीपी भेलूपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के अनुसार, 17 मई को लंका थाने में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि 16 मई की रात उसके भतीजे पर अज्ञात क्रेटा कार सवार लोगों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। गोली युवक की कलाई को छूते हुए निकल गई थी, जिससे उसकी जान बच गई। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद इसराइल उर्फ साहेबा ने बताया कि वह अपने साथी सैफी अख्तर के साथ प्रयागराज से वाराणसी आया था। दोनों अपने मित्र नितेश पाण्डेय उर्फ बग्गा से मिलने पहुंचे थे। तीनों ने एक साथ कार में बैठकर शराब पार्टी की और बाद में बीएचयू के हैदराबाद गेट की ओर निकल पड़े।

रास्ते में दो बाइक सवार युवकों से वाहन चलाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार आगे निकल गए, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों साथियों के उकसावे पर नितेश पाण्डेय ने अवैध पिस्टल से एक राउंड फायर कर दिया। गोली बाइक सवार युवक की कलाई को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होकर डाफी टोल प्लाजा की दिशा में चले गए।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल बाद में रामनगर थाना क्षेत्र में एक अन्य मामले में बरामद की जा चुकी थी। उसी मामले में मुख्य आरोपी नितेश पाण्डेय को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाल ही में जमानत पर रिहा होने के बाद वह वाराणसी में था, जहां पुलिस ने उसे उसके दोनों साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में नितेश पाण्डेय उर्फ बग्गा निवासी भीटी, रामनगर, मोहम्मद इसराइल उर्फ साहेबा निवासी झूंसी, प्रयागराज तथा सैफी अख्तर उर्फ जुनैद निवासी पुरामुफ्ती, कौशांबी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार नितेश के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार समेत उपनिरीक्षक हरनारायण और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।