बरेका महाप्रबंधक ने शॉप फ्लोर का किया निरीक्षण, फायर सेफ्टी तैयारियां देखी, सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ बनाने पर दिया जोर
वाराणसी। बरेका में औद्योगिक सुरक्षा एवं संरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने मंगलवार को विभिन्न शॉप फ्लोर का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप तथा लोको टेस्ट शॉप का दौरा कर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं, संरक्षा संसाधनों और आपातकालीन तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कार्यस्थलों पर स्थापित अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि सभी फायर सेफ्टी उपकरण पूरी तरह कार्यशील एवं अद्यतन स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
महाप्रबंधक श्री पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क और जिम्मेदार बने रहने का संदेश देते हुए कहा कि बरेका में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति किसी भी औद्योगिक इकाई की सफलता का मूल आधार होती है और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नियमित अंतराल पर फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच, समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यस्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेंद्र अग्रवाल तथा उप महाप्रबंधक सागर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।