मेहंदी की खुशबू से महका लाट भैरव दरबार, मांगलिक रस्म में महिलाओं ने बाबा और माता भैरवी को लगाई मेहंदी, शनिवार को निकलेगी बाबा की भव्य बारात
वाराणसी। बाबा लाट भैरव के विवाहोत्सव की मांगलिक रस्में अब चरम पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार को मंदिर परिसर में मेहंदी की रस्म निभाई गई। मंगलगीतों और भक्ति संगीत के बीच बाबा लाट भैरव और माता भैरवी को मेहंदी अर्पित की गई। शनिवार को बाबा के सिर पर मौर सजने के साथ ही बारात निकलेगी। इसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है।
श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि ने बताया कि शनिवार अपराह्न दो बजे से बारात प्रस्थान की तैयारियां शुरू होंगी। शहनाई की सुमधुर धुनों के बीच बारात रवाना होगी। मार्ग में हजारों श्रद्धालु बाबा की बारात का पुष्पवर्षा और आरती से स्वागत करेंगे।
हरे परिधानों में नजर आए बाबा और श्रद्धालु
विवाह से पहले होने वाली रस्मों के क्रम में शुक्रवार को लाट भैरव मंदिर में मेहंदी समारोह हुआ। बाबा सहित श्रद्धालु हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में नजर आए। समिति के मंत्री विक्रम सिंह राठौर ने पत्नी शिखा सिंह के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मेहंदी अर्पित की। इसके बाद क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने माता भैरवी और बाबा लाट भैरव को मेहंदी लगाई।
श्रीविग्रह के सामने स्थित प्राचीन भैरवी कूप को मां भैरवी के स्वरूप में पूजित माना जाता है। कार्यक्रम में महिलाओं ने मंगलगीत गाए। नृत्यांगनाओं ने नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्ति और उल्लास से भर दिया। आरती के बाद भैरवाष्टक और स्तुतिगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
चौथी पीढ़ी संभाल रही बारात की परंपरा
लाट भैरव की बारात से जुड़ी परंपरा भी पुरानी है। विशेश्वरगंज स्थित इन्ना माई की गली निवासी बसंत सिंह राठौर का परिवार कई पीढ़ियों से बारात की व्यवस्थाओं में जुटा है। परिवार की नई पीढ़ी बुजुर्गों से परंपराओं की जानकारी लेकर आयोजन में भागीदारी कर रही है।
बताया जाता है कि पहले भगेलू ठेकेदार के नेतृत्व में मंडी के पल्लेदार बाबा के रजत मुखौटे को कंधे पर लेकर बारात में निकलते थे। यह परंपरा अब चौथी पीढ़ी तक पहुंच चुकी है। मेहंदी समारोह में तारा देवी, माला यादव, पूनम सिंह, नीना सिंह, बीना जायसवाल, नंदिता जायसवाल समेत समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।