प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों का प्रदर्शन, योगी की पाती बनी आकर्षण का केंद्र
वाराणसी। नाटी इमली स्थित भरत मिलाप मैदान में गुरुवार को “नवनिर्माण के 9 वर्ष” विषयक भव्य चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। सूचना विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने फीता काटकर किया। 19 से 26 मार्च तक चलने वाली यह आठ दिवसीय प्रदर्शनी उत्तर प्रदेश सरकार के बीते नौ वर्षों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बनी है।
उद्घाटन समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र राय, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनी परिसर में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल देखने को मिला। यहां 53 चित्रों और डिजिटल माध्यमों के जरिए विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। खास तौर पर “योगी की पाती” प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है, जहां लोग विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में विकास की नई परिभाषा गढ़ी है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश को पिछड़े राज्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज यह देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। “डबल इंजन सरकार” के सहयोग से बुनियादी ढांचे, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
प्रदर्शनी में एक्सप्रेस-वे, हाईवे, मेट्रो रेल, एयरपोर्ट, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी झलकियां प्रमुख रूप से प्रदर्शित की गई हैं। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट्स को प्रदेश की प्रगति का प्रतीक बताया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत और राशन वितरण जैसी योजनाओं का भी व्यापक प्रभाव प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।
राज्य मंत्री ने बताया कि सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण को प्राथमिकता दी है। लाखों परिवारों को पक्के मकान, महिलाओं को गैस कनेक्शन और जरूरतमंदों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है। आयुष्मान योजना के तहत लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। किसानों के लिए समय पर खाद-बीज, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास और स्टार्टअप योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति, स्वयं सहायता समूह और कन्या सुमंगला जैसी योजनाएं प्रभावी साबित हो रही हैं।
प्रदर्शनी में ई-गवर्नेंस और डिजिटल सेवाओं की जानकारी भी दी गई है, जिससे प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में मदद मिली है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदेश के विकास की जानकारी प्राप्त करें और उसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रदर्शनी को लेकर आमजन, खासकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे सरकार की उपलब्धियों को समझने का एक प्रभावी मंच बताया।