मंडलायुक्त ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का लिया जायजा, परखी गुणवत्ता, दिए जरूरी निर्देश 

पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं का शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन शुरू किया जा सके।
 

वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं का शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 198 बेड के अस्पताल भवन सहित अन्य परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए किसी उच्च स्तरीय तकनीकी संस्थान से नियमित और आकस्मिक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एस. राजलिंगम ने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्रियों जैसे सरिया, सीमेंट, बालू और गिट्टी की समय-समय पर गुणवत्ता जांच कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य स्वीकृत डीपीआर और तकनीकी मानकों के अनुरूप ही कराए जाएं। साथ ही निर्माणाधीन भवनों को ब्लॉकवार तैयार करने की योजना पर कार्य करने को कहा, ताकि चरणबद्ध तरीके से भवनों का उपयोग शुरू किया जा सके और परियोजना का लाभ जल्द से जल्द आमजन को मिल सके।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अस्पताल के पूर्वी हिस्से में स्थित संकरे मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को मार्ग चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा ट्रामा सेंटर की ओर जाने वाले मार्ग की मरम्मत और समतलीकरण कराने को भी कहा, जिससे मरीजों और तीमारदारों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

मंडलायुक्त ने इसके बाद मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की तथा समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज से जुड़ी सभी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण तय समय में पूरा होना आवश्यक है।
 

निरीक्षण के दौरान दमानी ग्रुप की चेयरमैन शर्मिला पई, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशल कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।