संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश की तिथि बढ़ी, शास्त्री-आचार्य प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी करा सकेंगे पंजीकरण

सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शास्त्री प्रथम सेमेस्टर और आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय ने राहत दी है। प्रवेश-पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 सितंबर 2026 कर दी गई है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन प्रवेश-पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
 

वाराणसी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शास्त्री प्रथम सेमेस्टर और आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय ने राहत दी है। प्रवेश-पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 सितंबर 2026 कर दी गई है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन प्रवेश-पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कई विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए पंजीकरण तो करा लिया था, लेकिन तकनीकी कारणों अथवा अन्य वजहों से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। ऐसे विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने प्रवेश-पंजीकरण के लिए अतिरिक्त अवसर प्रदान किया है। 

विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध Admission → College Admission Portal-2026-27 → New Registration के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले प्रवेश निर्देशिका में दिए गए नियमों और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। अपनी पात्रता के अनुसार विषयों का चयन करने के बाद निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से करना होगा।

200 रुपये निर्धारित है पंजीकरण शुल्क
शास्त्री और आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश-पंजीकरण के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश-पंजीकरण की बढ़ाई गई अंतिम तिथि 27 सितंबर है। इसके बाद विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। इसलिए इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि में आवेदन-पत्र पूरा कर आवश्यक अभिलेखों के साथ संबंधित महाविद्यालय में जमा करना होगा।

अंतिम तिथि का इंतजार न करें विद्यार्थी
छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों से बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना प्रवेश-पंजीकरण पूरा कर लें, जिससे तकनीकी या अन्य किसी कारण से आवेदन प्रक्रिया प्रभावित न हो। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों को भी निर्देश दिया है कि वे विद्यार्थियों को प्रवेश-पंजीकरण की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं और आवेदन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराने में आवश्यक सहयोग करें। विश्वविद्यालय का कहना है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।