काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 28 और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का 29 जुलाई को होगा, तैयारियां तेज 

पूर्वांचल के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह की तारीखों पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति की मुहर लग गई है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को आयोजित होगा, जबकि अगले दिन 29 जुलाई को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह संपन्न कराया जाएगा। तिथियों की घोषणा के बाद दोनों विश्वविद्यालयों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
 

वाराणसी। पूर्वांचल के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह की तारीखों पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति की मुहर लग गई है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को आयोजित होगा, जबकि अगले दिन 29 जुलाई को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह संपन्न कराया जाएगा। तिथियों की घोषणा के बाद दोनों विश्वविद्यालयों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा परिणाम समय से जारी करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि दीक्षांत समारोह में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा सकें। इसके लिए संबंधित संस्थानों से परीक्षाफल शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया है।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने विद्यार्थियों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा है कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक होता है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की है कि वे शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों को समय से पूरा कराएं और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में सकारात्मक सहयोग प्रदान करें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी विभाग से संबंधित कार्य लंबित रहेगा तो छात्रों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों से कहा गया है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें।

उधर, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भी दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों को 28 जुलाई तक परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही छात्रों से पटल सहायकों, कार्यालय अधीक्षकों, सहायक कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से संपर्क कर अपनी समस्याओं का समय रहते समाधान कराने की अपील की गई है।