रोहनियां मिशन शक्ति केंद्र का पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण, महिला सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना रोहनियां स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। इस दौरान महिला सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने घरेलू हिंसा एवं अन्य महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक सप्ताह संबंधित पीड़िता से संपर्क कर फीडबैक लेने और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत दर्ज करने में किसी प्रकार की देरी, टालमटोल या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी महिला संबंधी प्रकरण में गुमशुदगी या एफआईआर अनिवार्य रूप से तत्काल दर्ज की जाए। महिला अपराध और बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में 100 प्रतिशत एफआईआर दर्ज कर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता की गरिमा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाए। छोटे मामलों की विवेचना 15 दिवस के भीतर पूर्ण करने का प्रयास करने को भी कहा गया।
महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त ने सभी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और महिला हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे तथा शिकायत पेटिका स्थापित कराने पर जोर दिया। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात कर्मियों को एंटी रोमियो स्क्वाड के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए, ताकि स्कूल और कोचिंग संस्थानों के बाहर खड़े रहने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों एवं महिला हॉस्टलों के आसपास टिप्पणी या पीछा करने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी को स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्कूल, कॉलेज और महिला हॉस्टलों में प्रभावी चेकिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अशोभनीय कृत्य होने पर संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध तत्काल और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को महिला सुरक्षा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई।