पुलिस आयुक्त ने बड़ागांव थाने का किया निरीक्षण, एक माह के विशेष अभियान की समीक्षा की, मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को थाना बड़ागांव का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों, जनशिकायतों के निस्तारण और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए विवेचकों को प्रकरणवार कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को थाना बड़ागांव का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों, जनशिकायतों के निस्तारण और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए विवेचकों को प्रकरणवार कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।

एक माह के विशेष अभियान के तहत गोमती जोन के पिंडरा और राजातालाब सर्किल से संबंधित लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने साक्ष्य संकलन, विवेचना की प्रगति और अभियोजन की स्थिति की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण और विवेचकों को वैज्ञानिक, निष्पक्ष व विधिसम्मत तरीके से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेख व रजिस्टरों को अद्यतन रखने, परिसर में साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल और महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मेस, बैरक और पुलिसकर्मियों की रहने-खाने की सुविधाओं का भी जायजा लिया।

मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को स्कूलों, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों में जागरुकता कार्यक्रम चलाने तथा 1090, 112 और 1930 हेल्पलाइन की जानकारी देने के निर्देश दिए। शिक्षण संस्थानों के सीसीटीवी की नियमित जांच और कमियां मिलने पर कार्रवाई को भी कहा गया। इस दौरान डीसीपी गोमती जोन नीतू समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।