लेजर शो में जीवंत हुई शिव की नगरी, गंगा अवतरण से बाबा विश्वनाथ तक दिखी काशी की दिव्य गाथा

देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली का उल्लास चरम पर पहुंचने लगा है। सोमवार की शाम चेत सिंह घाट पर लेजर शो के ग्रैंड रिहर्सल ने उत्सव में चार चांद लगा दिए। रोशनी और ध्वनि के अद्भुत संयोजन के बीच मां गंगा के धरती पर अवतरण से लेकर भगवान शिव की महिमा और बाबा विश्वनाथ की आध्यात्मिक छवि को जीवंत किया गया। गंगा की लहरों के बीच घाट की दीवारों और आसमान पर उभरते धार्मिक दृश्यों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रिहर्सल देखने के लिए घाट पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ जुटी। इस दौरान हर-हर महादेव और जय गंगा मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
 

चेत सिंह घाट पर ग्रैंड रिहर्सल देखने उमड़ी भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा गंगा तट, गंगा पार ड्रोन शो की तैयारियों ने भी खींचा लोगों का ध्यान

गंगा की लहरों, संगीत और रंग-बिरंगी लेजर रोशनी के अद्भुत संगम ने बांधा समां, इलेक्ट्रॉनिक झालरों से जगमगाया गंगा पार का रेती क्षेत्र

वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली का उल्लास चरम पर पहुंचने लगा है। सोमवार की शाम चेत सिंह घाट पर लेजर शो के ग्रैंड रिहर्सल ने उत्सव में चार चांद लगा दिए। रोशनी और ध्वनि के अद्भुत संयोजन के बीच मां गंगा के धरती पर अवतरण से लेकर भगवान शिव की महिमा और बाबा विश्वनाथ की आध्यात्मिक छवि को जीवंत किया गया। गंगा की लहरों के बीच घाट की दीवारों और आसमान पर उभरते धार्मिक दृश्यों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रिहर्सल देखने के लिए घाट पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ जुटी। इस दौरान हर-हर महादेव और जय गंगा मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

लेजर शो के दौरान जैसे ही अंधेरे में रंग-बिरंगी रोशनी की किरणों ने अपना जादू बिखेरना शुरू किया, घाट पर मौजूद लोगों की निगाहें प्रस्तुति पर टिक गईं। प्रकाश और ध्वनि के माध्यम से काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाने का प्रयास किया गया। मां गंगा के अवतरण की कथा, भगवान शिव की महिमा, बाबा विश्वनाथ की छवि और काशी के प्राचीन घाटों के दृश्य एक के बाद एक सामने आए। ऐसा लगा मानो प्राचीन काशी की धार्मिक गाथा रोशनी के माध्यम से फिर से जीवंत हो उठी हो।

शिवमय संगीत और लेजर की रोशनी ने बांधा समां
लेजर शो में शिव से जुड़े भक्ति गीतों और संगीत की धुनों के साथ प्रकाश का तालमेल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। संगीत की लय के साथ बदलती रोशनी और उभरते धार्मिक दृश्यों ने प्रस्तुति को और प्रभावशाली बना दिया। घाट पर मौजूद श्रद्धालु कभी हाथ उठाकर जयकारे लगाते तो कभी मोबाइल फोन से इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरे में कैद करते नजर आए। युवाओं में भी आयोजन को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। कई लोग संगीत की धुन पर झूमते दिखे। रिहर्सल के दौरान ही आयोजन की भव्यता का अंदाजा लगने लगा।


गंगा पार ड्रोन शो की तैयारी ने बढ़ाया रोमांच
चेत सिंह घाट के सामने गंगा पार भी ड्रोन शो को लेकर तैयारियों का रिहर्सल किया गया। गंगा के दूसरी ओर रेती और घाट क्षेत्र को इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजाया गया है। जगमगाती रोशनी के बीच ड्रोन शो की तैयारियों ने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी। एक ओर चेत सिंह घाट पर लेजर शो का आकर्षण था तो दूसरी ओर गंगा पार रोशनी से सजा रेती क्षेत्र अलग ही छटा बिखेर रहा था। गंगा के दोनों किनारों पर उत्सव का माहौल दिखाई दिया।

देव दीपावली पर दिखेगा आधुनिक तकनीक और परंपरा का संगम
देव दीपावली को भव्य और यादगार बनाने के लिए शासन और जिला प्रशासन की ओर से पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। घाटों की सजावट, प्रकाश व्यवस्था और विभिन्न आयोजन स्थलों को अंतिम रूप दिया गया है। लेजर शो और ड्रोन शो के माध्यम से इस बार श्रद्धालुओं को पारंपरिक दीपोत्सव के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा अनुभव देने की तैयारी है। सोमवार शाम चेत सिंह घाट पर हुए ग्रैंड रिहर्सल ने आयोजन को लेकर लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया। मंगलवार को लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दीपों की जगमगाहट, गंगा की लहरों पर प्रतिबिंबित रोशनी, लेजर प्रस्तुति और ड्रोन शो के बीच काशी एक बार फिर अपनी अलौकिक छटा बिखेरेगी।

तस्वीरों में देखिये अद्भुत नजारा ....