अदालत तक पहुंचा गर्म समोसे को लेकर मारपीट का मामला, कोर्ट के आदेश पर दुकानदार समेत पांच पर मुकदमा 

जाल्हुपुर बाजार में गर्म समोसा मांगने को लेकर हुआ विवाद करीब पांच महीने बाद मुकदमे तक पहुंच गया। आरोप है कि जलपान की दुकान पर गर्म समोसा मांगने को लेकर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस स्तर से कार्रवाई नहीं होने के बाद न्यायालय की शरण ली गई। अब न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर थाने में दुकानदार समेत पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की पांच धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
 

जाल्हुपुर बाजार का मामला, पीड़ित ने थाने से कमिश्नर कार्यालय तक लगाई थी गुहार

सुनवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया, कोर्ट ने एफआईआर का दिया आदेश 

वाराणसी। जाल्हुपुर बाजार में गर्म समोसा मांगने को लेकर हुआ विवाद करीब पांच महीने बाद मुकदमे तक पहुंच गया। आरोप है कि जलपान की दुकान पर गर्म समोसा मांगने को लेकर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस स्तर से कार्रवाई नहीं होने के बाद न्यायालय की शरण ली गई। अब न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर थाने में दुकानदार समेत पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की पांच धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया गया कि फरवरी में शिवशंकर सिंह किसी काम से जाल्हुपुर बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान वह एक दुकान पर जलपान करने के लिए रुके। शिवशंकर सिंह ने दुकानदार से गर्म समोसा देने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर गुप्तेश्वर सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि क्या वह कलेक्टर हैं, जो उन्हें गर्म समोसा दिया जाएगा।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद शिवशंकर सिंह के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप के मुताबिक तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।

पीड़ित का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर वह करीब पांच महीने तक थाना स्तर से लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक चक्कर लगाते रहे। जब पुलिस स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश के बाद चौबेपुर थाना पुलिस ने गुप्तेश्वर सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की पांच धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।