दीयों की रोशनी से जगमग हो उठेगा गंगा का किनारा, काशी में दिखेगी अलौकिक छटा, घाटों पर उमड़ने लगी भीड़
रिपोर्टर : ओमकार नाथ
वाराणसी। काशी के समस्त 84 घाटों पर देव दीपावली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरा शहर और घाटों का श्रृंगार दीपों, झालरों और फूलों से किया गया है। इस बार देव दीपावली को विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम को समर्पित किया गया है। इसी क्रम में घाटों पर रंग-बिरंगी रंगोली के माध्यम से वर्ल्ड कप की थीम को दर्शाया गया है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
गंगा तट पर बने क्रूज, बजड़े और नावों को भी इलेक्ट्रॉनिक झालरों और फूल मालाओं से सजाया गया है। शाम ढलने से पहले ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। लोग गंगा आरती के लिए अपने-अपने स्थान पहले से सुरक्षित कर रहे हैं। हर ओर दीपों की जगमगाहट, गंगा तट की आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है। देव दीपावली के अवसर पर प्रसिद्ध गंगा आरती को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे हैं। प्रशासन ने अनुमान लगाया है कि इस बार 20 लाख से अधिक लोगों के आगमन की संभावना है।
सुरक्षा के सख्त इंतजाम
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। घाटों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस, एनडीआरएफ, जल पुलिस, पीएससी, सीबीसीआईडी, गोपनीय विभाग और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के जवान तैनात किए गए हैं। हर घाट पर निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
काशी के घाटों पर इस समय दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार, और श्रद्धा का अनूठा संगम दिखाई दे रहा है। बनारस की देव दीपावली एक बार फिर दुनिया के सामने अध्यात्म, संस्कृति और आस्था का अद्भुत प्रतीक बनकर चमक रही।