संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में 10 जुलाई से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया, एक माह तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे और प्रवेश शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा। प्रवेश प्रक्रिया 10 अगस्त तक चलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूर्वमध्यमा, प्रथमा, प्रथमोपाध्याय, शास्त्री प्रथम सेमेस्टर और आचार्य प्रथम सेमेस्टर सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में संचालित की जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इस बार विशेष रूप से कॉलेज एडमिशन पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से आवेदन से लेकर शुल्क जमा करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी होगी।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, असम और हरियाणा समेत कई राज्यों के लगभग 500 से अधिक महाविद्यालय संबद्ध हैं। इन सभी महाविद्यालयों में एक समान ऑनलाइन व्यवस्था के तहत प्रवेश लिए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित होंगी। कुलसचिव प्रो. राकेश कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक जानकारी सही ढंग से भरनी होगी, क्योंकि गलत या अधूरी जानकारी के कारण आवेदन निरस्त भी किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि पूर्वमध्यमा, उत्तरमध्यमा, शास्त्री प्रथम सेमेस्टर और आचार्य प्रथम सेमेस्टर के अभ्यर्थियों को प्रवेश आवेदन पत्र डाउनलोड कर संबंधित महाविद्यालय में जमा करना होगा। इसके साथ ही पंजीकरण शुल्क के रूप में 200 रुपये ऑनलाइन जमा करने होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से इस बार डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थी प्रवेश से संबंधित सभी जानकारी, आवश्यक दस्तावेजों की सूची, आवेदन की स्थिति और अन्य निर्देश कॉलेज एडमिशन पोर्टल एवं समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को बार-बार महाविद्यालय या विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया सुगमता से संपन्न हो सकेगी।