सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, मैदागिन से बुलानाला तक चला अभियान, सड़क से गाड़ियां हटवाईं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मैदागिन चौराहे से बुलानाला मार्ग तक विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों को हटवाया।
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मैदागिन चौराहे से बुलानाला मार्ग तक विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों को हटवाया।

मंगलवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह और सप्तसागर चौकी प्रभारी प्रीती सिंह ने पूरे रूट का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही, जिन लोगों ने नियमों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान कई वाहनों को हटाया गया और कुछ पर चालान की कार्रवाई भी की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूरा रूट पूरी तरह से क्लियर रहे और कहीं भी जाम की स्थिति न बने। इसके अलावा आम जनता को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी ट्रैफिक पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और यातायात से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। आने वाले दिनों में भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा, ताकि शहर की व्यवस्था सुचारु बनी रहे और वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।