मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त व पुलिस कमिश्नर ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त एस. राजलिंगम एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ मंगलवार को संत रविदास मंदिर, सीरगोवर्धनपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। बिना जांच और फ्रिस्किंग के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) एवं बैगेज स्कैनर लगाए जाएं तथा प्रत्येक आगंतुक की अनिवार्य जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए। महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पृथक इनक्लोजर की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल और वीआईपी मार्गों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
पुलिस आयुक्त ने होटल, धर्मशाला, ढाबों एवं अन्य ठहराव स्थलों की सघन जांच कर वहां ठहरने वाले लोगों की पहचान का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं रूफटॉप ड्यूटी लगाने के साथ सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखने को कहा गया। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों के प्रभावी संचालन और भीड़ नियंत्रण हेतु पर्याप्त रस्से एवं लाउडहेलर उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
ब्रीफिंग में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित कमिश्नरेट वाराणसी एवं बाहरी जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।