CM के आगमन की तैयारी में जुटा प्रशासन, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन, भ्रमण एवं संत रविदास मंदिर, सीरगोवर्धन स्थित जनसभा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों का रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन, भ्रमण एवं संत रविदास मंदिर, सीरगोवर्धन स्थित जनसभा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों का रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी।

जनसभा में आने वाली बसों के लिए व्यवस्था
सेवापुरी, रोहनिया, कैंट विधानसभा तथा चंदौली, भदोही और मिर्जापुर से आने वाली बसें रिंग रोड, रमौना और एनएच-19 होते हुए डाफी टोल प्लाजा पार कर सर्विस लेन से लौटूबीर अंडरपास पहुंचेंगी। इन बसों की पार्किंग पी-04 (मैदान पार्किंग) में होगी।

पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, कैंट तथा जौनपुर व गाजीपुर से आने वाली बसें भिखारीपुर, नरिया तिराहा, बीएचयू नरिया गेट, एनसीसी तिराहा, केंद्रीय विद्यालय, रेडियस-07 और एम्फीथिएटर मार्ग से होकर पी-06 पार्किंग में खड़ी की जाएंगी।

चार एवं दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग
डाफी टोल प्लाजा से आने वाले वाहन एनएच-19, सर्विस लेन और लौटूबीर अंडरपास से होकर पी-03 (अजय नगर कॉलोनी पार्किंग) में पार्क किए जाएंगे। भिखारीपुर एवं शहर की ओर से आने वाले वाहन सुंदरपुर, नरिया, मालवीय चौराहा और एलबीएस चौराहा होते हुए पी-06 पार्किंग में जाएंगे।

पुलिस, प्रशासन, मीडिया एवं जनप्रतिनिधियों के वाहन
मालवीय चौराहा मार्ग से आने वाले पुलिस, पीएसी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और मीडिया के वाहन पी-06 पार्किंग में पार्क होंगे। एनएच-19 से आने वाले पुलिस, पीएसी, प्रशासन, मीडिया एवं जनप्रतिनिधियों के वाहन हरिओम नगर कॉलोनी स्थित पी-05 पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।


वीआईपी एवं मंचासीन अतिथियों के लिए व्यवस्था
मंच पर बैठने वाले लगभग 250 वीआईपी एवं जनप्रतिनिधियों के वाहन डाफी टोल प्लाजा से पहले सर्विस लेन से उतरकर रविदास संग्रहालय के पास स्थित पी-01 पार्किंग में पार्क होंगे। इनके सहायक वाहनों की पार्किंग पी-02 में निर्धारित की गई है।