दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य का अपर पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था देखी, मातहतों को दिया जरूरी निर्देश
वाराणसी। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शुक्रवार को दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की स्थिति का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
दालमंडी क्षेत्र को घनी आबादी, व्यावसायिक गतिविधियों, धार्मिक-सांस्कृतिक संवेदनशीलता और संकरी गलियों के कारण अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। वर्तमान में सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते मार्ग परिवर्तन, अस्थायी अवरोध और आवागमन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने पूरे चौड़ीकरण क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया और निर्माणाधीन स्थलों, बाजारों, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों तथा यातायात डायवर्जन बिंदुओं का अवलोकन किया। इस दौरान निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन, मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण स्थलों पर त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए तथा “प्रवेश निषेध” और “सावधान-निर्माण कार्य प्रगति पर है” जैसे स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी प्रतिदिन सुरक्षा मानकों का सत्यापन करे और संबंधित थाना प्रभारी नियमित भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही सड़क पर मलबा फैलने से रोकने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने रात्रिकालीन सुरक्षा को लेकर हाईमास्ट और फोकस लाइट लगाने, खुले विद्युत तारों की नियमित जांच तथा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित अस्थायी कॉरिडोर विकसित करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, अवैध अतिक्रमण हटाने और सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने को भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजन त्रिपाठी सहित संबंधित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।