हाईवे पर नहीं चलेंगे टेंपो, 280 एलपीजी ऑटो तीन माह में होंगे सीएनजी, मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में गुरुवार को रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑथोरिटी (आरटीए) परिवहन विभाग की बैठक हुई। इसमें मंडल के विभिन्न जिलों की परिवहन व्यवस्था, वाहन परमिट, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने हाईवे पर टेंपो संचालन पर रोक लगाने और एपीजी संचालित 280 ऑटो रिक्शा को तीन माह के अंदर सीएनजी में बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए। लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजमार्गों पर निर्धारित अनुमन्य दूरी के अतिरिक्त टेंपो का संचालन पूरी तरह रोका जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाहनों के संचालन में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया।
मंडलायुक्त ने एलपीजी सिलेंडर से संचालित करीब 280 ऑटो रिक्शा का संचालन रोकते हुए उन्हें तीन माह के भीतर सीएनजी में परिवर्तित कराने के निर्देश दिए। परिवहन अधिकारियों को इस प्रक्रिया की निगरानी करने को कहा गया, ताकि निर्धारित समय सीमा में कन्वर्जन सुनिश्चित हो सके। शहर में पहले से बड़ी संख्या में ऑटो के परमिट होने के कारण यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नए ऑटो परमिट जारी करने पर रोक के संबंध में भी बैठक में चर्चा हुई। अधिकारियों ने शहर में बढ़ते ऑटो दबाव और सुगम यातायात व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
वहीं, प्राइवेट बस संचालकों की ओर से बड़ी बसों के स्थान पर मिनी बसों के संचालन की मांग भी बैठक में रखी गई। मंडलायुक्त ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में आरटीए से जुड़े लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को आमजन को सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।