वरूणा नदी में डूबने से किशोर की मौत, दोस्त पर डूबोकर मारने का आरोप, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम 

लोहता थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी आकाश (18 वर्ष) की वरूणा नदी में डूबने से किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने दोस्त पर ही किशोर को पानी में डूबोकर मारने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसीपी रोहनियां संजीव कुमार के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  
 

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी आकाश (18 वर्ष) की वरूणा नदी में डूबने से किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने दोस्त पर ही किशोर को पानी में डूबोकर मारने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसीपी रोहनियां संजीव कुमार के समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  

परिजनों के अनुसार आरोपी श्रीकांत आकाश को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर नदी के पास ले गया था। उन्होंने बताया कि आकाश को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद आरोपी उसे नहाने के लिए नदी में ले गया। आरोप है कि नहाने के दौरान श्रीकांत आकाश को नदी के बीच ले गया, जहां पानी का बहाव काफी तेज था, और उसे वहीं छोड़कर खुद किनारे पर लौट आया। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने आकाश को डूबते हुए देखा, लेकिन उसकी मदद करने के बजाय किनारे खड़ा रहा।

घटना के समय मौजूद गांव के दो नाबालिग बच्चों ने यह पूरी घटना देखी, लेकिन तेज धारा के कारण वे नदी में उतरकर आकाश को बचा नहीं सके। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने आकाश के कपड़ों में पत्थर बांधकर उन्हें नदी में फेंक दिया, ताकि कोई सबूत न मिल सके। बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना को एक छोटे बच्चे ने देखा, जिसने साहस दिखाते हुए घर जाकर अपने माता-पिता को जानकारी दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची।

करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नदी से पहले आकाश के कपड़े और फिर उसका शव बरामद किया। शव मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले रविदास जयंती के मौके पर आकाश और आरोपी श्रीकांत के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। 

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।